आगरा: पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, 45 दिन बाद खुला सनसनीखेज राज | #prnewsindia
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपने ही पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने का आरोप लगा है। इस सनसनीखेज घटना का खुलासा करीब 45 दिन बाद हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है। आरोप है कि उनकी पत्नी रुबी ने 18 मई को उनकी हत्या कर दी। इसके बाद किसी को भनक न लगे, इसके लिए बाथरूम का फर्श खोदकर शव को दफना दिया गया। इतना ही नहीं, गड्ढे को प्लास्टर कर उस पर नई टाइल्स भी लगवा दी गईं, ताकि किसी को शक न हो।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद रुबी करीब 45 दिनों तक पति की गुमशुदगी का नाटक करती रही। उसने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई और परिजनों के साथ पति की तलाश का दिखावा करती रही।

हालांकि, मृतक के बड़े भाई को लगातार संदेह बना रहा। उन्होंने महिला से बार-बार पूछताछ की, जिसमें उसके बयान बदलते रहे। आखिरकार, शक गहराने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में जब बाथरूम के फर्श की खुदाई कराई गई, तो नीचे से सुरेंद्र कुमार शर्मा का शव बरामद हुआ।
शव मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी रुबी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने दावा किया कि उसके पति ने आत्महत्या की थी और बदनामी के डर से उसने शव को दफना दिया। हालांकि, पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।